होमगार्ड बहाली परीक्षा में तीसरे दिन 811 अभ्यर्थी हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
होमगार्ड बहाली परीक्षा में तीसरे दिन 811 अभ्यर्थी हुए शामिल


होमगार्ड बहाली परीक्षा में तीसरे दिन 811 अभ्यर्थी हुए शामिल


रामगढ़, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली प्रक्रिया के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित शारीरिक दक्षता और हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का तीसरे दिन सोमवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। तीसरे दिन मांडू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। निर्धारित 1,479 अभ्यर्थियों में से 811 उपस्थित रहे, जबकि 668 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिला प्रशासन के अनुसार, बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए परीक्षा स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास से लेकर अनुशासन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से हो सके।

परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार 27 अक्टूबर को मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद पतरातू, रामगढ़, गोला और चितरपुर प्रखंडों के अभ्यर्थियों के साथ शहरी गैर-तकनीकी एवं शहरी तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथियों पर कराई जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर समय पर परीक्षा स्थल पहुंचें। बहाली प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story