रामगढ़ में होमगार्ड बहाली के चौथे दिन 714 महिला अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में होमगार्ड बहाली के चौथे दिन 714 महिला अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा


रामगढ़ में होमगार्ड बहाली के चौथे दिन 714 महिला अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा


रामगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का चौथा दिन मंगलवार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। चौथे दिन मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। कुल 1,140 निर्धारित अभ्यर्थियों में से 714 उपस्थित रहीं, जबकि 426 अनुपस्थित रहीं।

जिला प्रशासन की देखरेख में परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई गई। बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास के साथ अनुशासन एवं अन्य व्यवस्थाओं की विशेष निगरानी की गई।

परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। सिद्धू-कान्हू मैदान स्थित परीक्षा केंद्र में केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। वहीं, परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए थे।

बहाली के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद पतरातू की महिला अभ्यर्थियों के साथ रामगढ़, गोला और चितरपुर प्रखंडों के अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथियों पर होगी। शहरी गैर-तकनीकी एवं तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थी भी तय कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल होंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story