सरकारी अस्पतालों में होगी 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहाली
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)।
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए 666 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए कार्मिक विभाग ने झारखंड लोक सेवा आयोग को अधियाचना पत्र भेज दी है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा है कि इस बहाली से सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर होगी। मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग झारखंड सरकार की ओर से उठाए गए इस पहल के तहत स्वास्थ्य विभाग ने पत्र लिखकर जेपीएससी को अधियाचना भेजने का अनुरोध किया था, ताकि नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो सके। इसके बाद कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इस पर कार्रवाई करते हुए जेपीएससी को पत्र लिखकर नियुक्ति करने के लिए अधियाचना भेज दी है।
उल्लेखनीय है कि नियमित 506 पदों में बैकलॉग पदों की संख्याा 160 है। विभाग की ओर से पदवार रिक्तियों में फिजिशियन 214 (नियमित), 12 (बैकलॉग), शिशु रोग विशेषज्ञ – 172, 52 (बैकलॉग), निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट) – 28, 29(बैकलॉग), स्त्री रोग विशेषज्ञ – 12, 16(बैकलॉग), सर्जन – 10, 14(बैकलॉग), रेडियोलॉजिस्ट – 26, 02(बैकलॉग), फोरेंसिक विशेषज्ञ – 18, 02 (बैकलॉग), चर्म रोग विशेषज्ञ 06, 07 (बैकलॉग), ईएनटी 04, 05 (बैकलॉग), नेत्र रोग विशेषज्ञ 04, 06 (बैकलॉग), अस्थि रोग विशेषज्ञ 04, 08 (बैकलॉग), पैथोलॉजिस्ट 04, मनोचिकित्सा 04, 07 (बैकलॉग) संख्या हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि यह बहाली झारखंड राज्य के गैर-शैक्षणिक विशेषज्ञ चिकित्सक (भर्ती, प्रोन्नति एवं सेवा शर्त) नियमावली, 2015 एवं इसके संशोधित प्रावधानों के अनुसार की जाएगी। आरक्षण रोस्टर के साथ अधियाचना जेपीएससी को भेज दी गई है, जिससे चयन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

