रामगढ़ बिजुलिया तालाब के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे 4.5 करोड़

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ बिजुलिया तालाब के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे 4.5 करोड़


रामगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। छावनी परिषद की बैठक मंगलवार को परिषद के सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद अधीक्षक ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी और संचालन परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी सह सदस्य सचिव विवेक सिंह ने किया। जबकि, बैठक में विधायक ममता देवी भी मौजूद थीं। इस दौरान बैठक में पूर्व निर्धारित 30 एवं आठ सर्कुलर एजेंडों पर विस्तार से चर्चा के बाद उन्हें पारित किया गया। इसके अलावा शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, शिक्षा, खेल और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में जुलाई माह के आय-व्यय का लेखा-जोखा पारित किया गया। साथ ही कैंट डेवलपमेंट फंड की राशि को फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने का निर्णय लिया गया। बताया गया कि बंधन बैंक एफडी पर 07 प्रतिशत ब्याज देने के लिए तैयार है। इसके बाद राशि को उसी बैंक में एफडी कराने का निर्णय लिया गया।

शहर की महत्वपूर्ण जल संरचनाओं में शामिल बिजुलिया तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण को लेकर परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। करीब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से तालाब का विकास कराया जाएगा। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने की स्वीकृति दी गई। वहीं, 15 लाख रुपये की लागत से सुभाष चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा।

कैंट क्षेत्र के सभी आठ वार्डों में नाली और सड़क से जुड़े विकास कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे जल निकासी और सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है।

बैठक में परिषद की कुल 28.10 एकड़ भूमि में से करीब 2.8 एकड़ भूमि चिन्हित कर उसका सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। परिषद इस भूमि का उपयोग नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बाजार एवं अन्य आवश्यक निर्माण के लिए करना चाहती है।

शहर के नए और पुराने बस पड़ाव के निर्माण एवं जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। इसके अलावा परिषद कार्यालय के पीछे बैडमिंटन कोर्ट के समीप स्थित क्षेत्र को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

बैठक में अनिल पासवान, पिंटू कुमार, संजय कुमार, एसएन राव, शंकर महतो, ओमप्रकाश चौहार सहित अन्य परिषद कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story