नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और संक्रमण नियंत्रण पर प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now

रांची, 08 जून (हि.स.)।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तत्वावधान में मध्य प्रदेश के चित्रकूट स्थित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं संक्रमण नियंत्रण विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

यह प्रशिक्षण आठ से 10 जून तक आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने किया। प्रशिक्षण में देवघर, जमशेदपुर, गिरिडीह, गोड्डा, हजारीबाग, जामताड़ा, लातेहार, पाकुड़, रामगढ़ और रांची जिलों के नेत्र सर्जन, नेत्र सहायक और ओटी नर्सें भाग ले रही हैं।

शशि प्रकाश झा ने कहा कि डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग से आंखों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने रोकथाम योग्य अंधता को कम करने के लिए विद्यालय और समुदाय स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही एनजीओ के सहयोग से स्क्रीनिंग, रेफरल और उपचार की समन्वित व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल को मजबूत करेगा तथा राज्य में गुणवत्तापूर्ण एवं संक्रमण-मुक्त नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देगा।

कार्यक्रम में राज्य अंधापन नियंत्रण पदाधिकारी डॉ पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story