शनि महाराज का 25वां वार्षिक पूजा और शनि जन्मोत्सव 16 को

WhatsApp Channel Join Now
शनि महाराज का 25वां वार्षिक पूजा और शनि जन्मोत्सव 16 को


शनि महाराज का 25वां वार्षिक पूजा और शनि जन्मोत्सव 16 को


देवघर, 15 मई (हि.स.)। बाबा बैधनाथ धाम रेलवे स्टेशन के निकट स्थित श्री श्री 108 शनि महाराज मंदिर में शनि अमावस्या के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले 25वें वार्षिक पूजा एवं शनि जन्मोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मंदिर परिसर को आकर्षक पंडाल, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और विशेष पुष्प अलंकरण से भव्य रूप दिया गया है। आयोजन समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

पूजा स्थल, प्रसाद वितरण केंद्र, पेयजल व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वयंसेवकों की विशेष टीम भी तैनात की गई है। कार्यक्रम की शुरुआत 16 मई ( शनिवार) प्रातः 5 बजे तेलाभिषेक के साथ होगी, जो दोपहर 2:30 बजे तक जारी रहेगा।

इसके बाद शाम 6 बजे शृंगार पूजा और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। रात्रि 7 बजे से भव्य भजन संध्या एवं जागरण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय और बाहर से आए कलाकार शनि भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगे। श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन आध्यात्मिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का विशेष अवसर माना जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शनि महाराज की पूजा-अर्चना में शामिल होने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story