सरस कुंज के 25 स्पेशल बच्चों ने भरी खुशियों की उड़ान

WhatsApp Channel Join Now
सरस कुंज के 25 स्पेशल बच्चों ने भरी खुशियों की उड़ान


देवघर, 20 अगस्त (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला के दौरान देवघर में संचालित विशेष हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ बुधवार को सरस कुंज के दिव्यांग और स्पेशल बच्चों को भी मिला। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की उपस्थिति में सरस कुंज के कुल 25 बच्चों को बारी-बारी से मुफ्त हेलीकॉप्टर यात्रा कराई गई। हेलीकॉप्टर से उड़ान भरते ही बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे।

आकाश से देवघर और बाबाधाम की खूबसूरती को निहारना बच्चों के लिए बेहद खास और यादगार अनुभव रहा। हवाई यात्रा के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा पूरी करने के बाद बच्चों ने अपने अनुभव को साझा करते हुए इसे जीवन के यादगार पलों में से एक बताया। सरस कुंज के संचालकों और बच्चों ने इस अनूठी पहल के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के प्रति आभार जताया।

झारखंड सरकार और नागर विमानन के सौजन्य से श्रावणी मेला के दौरान देवघर में विशेष हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं, आम नागरिकों, वृद्ध और दिव्यांग लोगों को सुरक्षित एवं कम समय में हवाई दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।

उपायुक्त की पहल के तहत इस सेवा से विशेष बच्चों को जोड़ना प्रशासन की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। इससे बच्चों को एक नया अनुभव मिलने के साथ उनके चेहरे पर खुशी भी देखने को मिली।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अंचलाधिकारी देवघर अनिल कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सरस कुंज के बच्चे उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story