जुलूस की निगरानी में 150 पुलिस पदाधिकारी और 700 सिपाही तैनात : एसपी
रामगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। मंगला जुलूस में रामगढ़ जिले के 39 अखाड़े के सदस्यों ने हिस्सा लिया है। इसमें 25 लाइसेंसी और 13 गैर लाइसेंसी अखाड़ा शामिल हुए। यह जानकारी एसपी अजय कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद उपस्थित होकर जुलूस के मार्ग की निगरानी की। चट्टी बाजार, गोला चौक, थाना चौक, सुभाष चौक से होते हुए जुलूस फुटबॉल ग्राउंड तक पहुंचा। संयुक्त आदेश के माध्यम से सभी संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। एसपी ने कहा कि लगभग 150 पुलिस अधिकारी और 700 पुलिसकर्मियों के प्रतिनियुक्ति जुलूस मार्ग पर रखी गई है। सभी थानों में बाइक दस्ता एवं रामगढ़, बरकाकाना और रजरप्पा में अलग से क्यूआरटी का गठन किया गया।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव रहा। डीएसपी की भी प्रतिनियुक्ति जुलूस पर निगरानी रखने के लिए की गई है। पुलिस पदाधिकारी लगातार जुलूस के पार होने की खबर कंट्रोल रूम में अपडेट करते रहे। इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारी की प्रतिनिधि भी अधिकारियों के सहयोग के लिए की गई। एंटी राइट गियर को तैयारी हालत में रखा गया। सभी चौक चौराहों पर जिन मार्गो से जुलूस निकाला, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

