झारखंड स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 15 दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 15 दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन


-15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से हुई शुरुआत, 28 नवंबर को खेलगांव में होगा मुख्य समारोह-26 से 28 नवंबर तक मेला-सह-प्रदर्शनी और सांस्कृतिक संध्या का होगा आयोजन

रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ (स्वच्छता के लिए दौड़) से हुई। वहीं, 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह के साथ इसका समापन होगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनभागीदारी से जुड़े आयोजन, मेला-सह-प्रदर्शनी तथा विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास और परिसंपत्ति वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के तहत 15 नवंबर को सुबह 7 से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ का आयोजन किया गया। इसके लिए जिले के किसी प्रमुख स्थल अथवा चौक-चौराहे से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। दौड़ का समापन प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ हुआ। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल होंगी। इनके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और अधिक से अधिक लोगों को स्थापना दिवस समारोह से जोड़ने की पहल की जाएगी।

जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 एवं 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

वहीं, 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ राज्य के प्रत्येक जिले का एक-एक स्टॉल लगाया जाएगा। विभागीय स्टॉल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संचालित कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। जिला स्तरीय स्टॉल पर संबंधित जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा नवाचार पर आधारित विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनमें राज्य में हो रहे नए प्रयोगों और रचनात्मक पहलों को सामने लाया जाएगा।

राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें झारखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की जाएगी।

कुल मिलाकर, झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित यह पखवाड़ा स्वच्छता, जनभागीदारी, प्रतिभा सम्मान, विकास योजनाओं के प्रचार-प्रसार और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाने का प्रयास है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story