आरटीई से 25 प्रतिशत सीटों पर नामांकन प्रक्रिया में पहुंचे 1499 आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
आरटीई से 25 प्रतिशत सीटों पर नामांकन प्रक्रिया में पहुंचे 1499 आवेदन


रांची, 23 मार्च (हि.स.)। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत जिला प्रशासन रांची की ओर से कमजोर और अभिवंचित वर्ग के बच्चों के लिए निजी विद्यालयों की प्रारंभिक कक्षाओं में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी रूप से संचालित की जा रही है। यह जानकारी सोमवार को समाहरणालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

इसके तहत बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी से शुरू होकर 22 मार्च 2026 तक चली। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए अंतिम तिथि बढ़ाई थी। आवेदन प्रक्रिया समाप्ति के बाद उन्होंने समाहरणालय में अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

जिले के 117 निजी विद्यालयों में कुल 1161 आरक्षित सीटें उपलब्ध थीं, जबकि पोर्टल पर 1499 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदकों ने कुल 3908 सीटों को प्राथमिकता के रूप में चुना।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रमाण-पत्रों की जांच 26 मार्च तक पूरी की जाए। इसके बाद कंप्यूटरीकृत ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी होगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है, ताकि सभी पात्र बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story