रामगढ़ में 1.25 करोड़ से होगी 1000 चापाकलों की मरम्मत

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में 1.25 करोड़ से होगी 1000 चापाकलों की मरम्मत


रामगढ़, 02 जून (हि.स.)। जिले में 1000 चापाकलों की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की समस्या झेलनी नहीं पड़े। मंगलवार को समाहरणालय परिसर में सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, रामगढ़ विधायक ममता देवी, डीडीसी आशीष अग्रवाल, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुरेंद्र कुमार दिनकर ने शिलान्यास किया।

माैके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि डीएमएफटी फंड से वैसे जन उपयोगी कार्य किया जा रहा है, जिसकी जरूरत अधिक है। जिले में ऐसे जल योजनाओं को गति दिया जाना है, जो पहले बने थे लेकिन किसी वजह से अभी या तो पूरी तरह से ठप है या फिर उसकी गति धीमी हो गई है। 1000 चपकालों की मरम्मत से लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिलेगी। आने वाले कुछ दिनों में सभी चापाकल सुचारू रूप से काम करने लगेंगे।

माैके पर डीसी ऋतुराज ने बताया कि पेयजल से संबंधित योजनाओं को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार ने निर्देश दिया था।

इस आधार पर पिछले 15 दिनों तक लगातार सर्वे का काम हुआ। शहर से लेकर पंचायत स्तर पर कर्मचारी गए और चापाकल और जल मिनारों की स्थिति का अवलोकन किया। वर्तमान समय में 1000 चापाकल की सूची तैयार की जा चुकी है, जो खराब हो चुके हैं।

डीसी ने बताया कि 300 चापाकल की मरम्मत के लिए पीएचईडी विभाग से स्वीकृति मिली है। इसके अलावा 700 चापाकल की मरम्मत के लिए डीएमएफटी फंड से राशि जारी की गई है। डीएमएफटी फंड से 90 लाख और पीएचईडी विभाग से 35 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। कुल 01 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से यह मरम्मत कार्य होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story