रामगढ़ के 122 अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ के 122 अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में पुलिस


रामगढ़ के 122 अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में पुलिस


रामगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण एवं आपराधिक घटनाओं के उद्भेदन को प्रभावी बनाने के लिए आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। शनिवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने अपराध रोकथाम और उद्भेदन शाखा के नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बैठक में अपराधियों की गतिविधियों, आपराधिक इतिहास और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में 12 अपराध श्रेणियों के तहत आरोप-पत्र दाखिल किए गए अपराधकर्मियों के संबंध में चर्चा की गई। अपराध की प्रकृति, आपराधिक इतिहास और सक्रियता के आधार पर जिले के 122 आदतन अपराधियों को चिह्नित किया गया है। इन अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई।

चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार सीसीए के प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसमें निरुद्धादेश, जिला बदर एवं थाना हाजिरी जैसी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शामिल है। इसके साथ ही अपराधियों की सतत निगरानी के लिए निगरानी प्रस्ताव तैयार करने, गुंडा पंजी में नाम दर्ज करने और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 129 के तहत कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

एसपी ने संबंधित नोडल पदाधिकारियों को सभी प्रस्ताव नियमों के अनुरूप तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में सक्रिय आदतन अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781206 Articles

Share this story