देवघर जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 06 और 07 अगस्त को

WhatsApp Channel Join Now
देवघर जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 06 और 07 अगस्त को


देवघर, 22 जुलाई (हि.स.)। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन और देवघर जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से 12 वीं देवघर जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 06 और 07 अगस्त को केकेएन स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग प्रतिदिन सुबह 08 बजे निर्धारित की गई है।

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 और सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन करना है।

प्रतियोगिता में ट्रायथलॉन, 60 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1000 मीटर, 1500 मीटर, 5000 मीटर दौड़ के अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, डिस्कस थ्रो एवं भाला फेंक जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 200 प्रति खिलाड़ी पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण 23 जुलाई से 04 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इस अवसर पर बुधवार को जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष के हाथों देवघर जिला एथलेटिक्स की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ भी किया गया।

जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सुनील खवाड़े ने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संस्थानों और खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि टैलेंट है तो घर पर मत बैठिए, मैदान में आइए।

संघ के सचिव मनोज मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अगस्त में धनबाद और रांची में आयोजित होनेवाले राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देवघर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story