बाबा मंदिर और मेला क्षेत्र में सक्रिय हैं 12 सूचना-सहायता केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
बाबा मंदिर और मेला क्षेत्र में सक्रिय हैं 12 सूचना-सहायता केंद्र


देवघर, 03 सितंबर (हि.स.)। बाबा वैद्यनाथ मंदिर में चल रहे भादो मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, देवघर की ओर से बाबा मंदिर सहित पूरे मेला क्षेत्र में 12 सूचना-सहायता केंद्र सक्रिय किए गए हैं।

इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़े श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें उनके परिवार से मिलाना है। सूचना-सहायता केंद्रों की तत्परता के चलते अब तक 412 से अधिक बिछड़े श्रद्धालुओं को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया जा चुका है।

मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए श्रद्धालु इन केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं। ये केंद्र नेहरू पार्क प्रवेश द्वार, सुविधा केंद्र बाबा मंदिर, शिवगंगा गोलघर, बीएड कॉलेज, मानसिंघी फुट ओवरब्रिज, सरकार भवन मोड़, क्यू कॉम्प्लेक्स, भट्टर धर्मशाला, नेहरू पार्क पंडाल के अंदर, हिंदी विद्यापीठ, तिवारी चौक और जलसार चिल्ड्रेन पार्क में संचालित हैं।

जिला प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा, रास्ता भटकने अथवा परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में तुरंत नजदीकी सूचना-सहायता केंद्र से संपर्क करें। केंद्रों पर तैनात कर्मी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story