नागपुर में आइसा का 11 वां अखिल भारतीय सम्मेलन 28 नवंबर से

WhatsApp Channel Join Now
नागपुर में आइसा का 11 वां अखिल भारतीय सम्मेलन 28 नवंबर से


रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के 11 वें अखिल भारतीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को मेन रोड स्थित भाकपा माले कार्यालय में पोस्टर का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर आइसा की राज्य की अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि शिक्षा के निजीकरण, शैक्षणिक संस्थानों की बदहाल स्थिति, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ उठ रही आवाजों को संगठित करने और उन्हें एक व्यापक आंदोलन की दिशा देने में आइसा अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन हो या झारखंड में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से उठी जेपीएससी-जेएसएससी में धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ आइसा ने हर मोर्चे पर छात्रों के लोकतांत्रिक और शैक्षणिक अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि 28 से 30 नवंबर को नागपुर में आइसा का 11 वां अखिल भारतीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

मौके पर आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि झारखंड में सम्मेलन की तैयारी को लेकर व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।

राज्य के विभिन्न जिलों में जिला सम्मेलन, विश्वविद्यालय सम्मेलन और इकाई सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर संयोजन समितियों का गठन किया जा रहा है।

हमारा प्रयास है कि राज्य के अधिक से अधिक छात्र-युवाओं को शिक्षा, रोजगार, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के संघर्ष से जोड़ते हुए सम्मेलन को व्यापक और ऐतिहासिक बनाया जाए।

मौके पर राज्य उपाध्यक्ष विजय कुमार, राज्य सह सचिव रितेश मिश्रा, मो समी, सोनाली केवट और निखिल राज उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770224 Articles

Share this story