साइबर ठगी के 11 आरोपित गिरफ्तार, 50 मोबाइल फोन और आठ लाख जब्त

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी के 11 आरोपित गिरफ्तार, 50 मोबाइल फोन और आठ लाख जब्त


रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने रिहायशी इमारत को ही अपना ठिकाना बना रखा था। पिस्का मोड़ स्थित मालती अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कथित तौर पर चल रहे साइबर ठगी के नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के बाद गठित विशेष टीम ने अपार्टमेंट के तीसरे तल्ले पर स्थित फ्लैट में अचानक धावा बोला। पुलिस की इस कार्रवाई से वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस कई अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने महिला और पुरुष समेत 11 आरोपितों गिरफ्तार लिया है।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि फ्लैट का इस्तेमाल साइबर ठगी से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। मौके से दर्जनों एटीएम कार्ड, लैपटॉप सहित अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा इस छापेमारी में लगभग 50 मोबाइल फोन और लगभग आठ लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

सिटी एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। टीम ने मालती अपार्टमेंट के तीसरे तल्ले पर पहुंचकर संबंधित फ्लैट की तलाशी ली। इसके बाद वहां मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। अब तक 11 की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित साइबर रैकेट कितने समय से सक्रिय था और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। गिरफ्तार किए गए और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के संचालन, ठगी के संभावित तरीकों और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760396 Articles

Share this story