ड्राइविंग लाइसेंस कैंप में आए 109 आवेदन, 69 को मिला लर्निंग

WhatsApp Channel Join Now
ड्राइविंग लाइसेंस कैंप में आए 109 आवेदन, 69 को मिला लर्निंग


ड्राइविंग लाइसेंस कैंप में आए 109 आवेदन, 69 को मिला लर्निंग


रामगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ सदर प्रखंड परिसर में जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के निर्देश पर एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप लगाया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चला। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक ममता देवी ने किया। कैंप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के वाहन चालकों और युवाओं को उनके घर के निकट ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना था। उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना था।

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का और अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि विशेष कैंप के दौरान कुल 109 आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। जिनमें से 69 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस निर्गत किया गया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग आम नागरिकों को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

कैंप के साथ-साथ मोटरयान निरीक्षक मोनू मृणाल और विपुल उरांव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों से संबंधित मार्गदर्शिका एवं जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। ताकि सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की आदत विकसित हो सके।

अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कैंपों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलती है। साथ ही बिना लाइसेंस वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी इस प्रकार के प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story