108 एंबुलेंस कर्मचारियों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
108 एंबुलेंस कर्मचारियों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध


रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों का लंबित मांगों को लेकर आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सरकार की ओर से मांगों पर अब तक ठोस पहल नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया और विरोध दर्ज कराया।

108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार और संबंधित विभाग की ओर से अब तक उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं की गई है। संघ का आरोप है कि लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद कर्मचारियों से बातचीत तक नहीं की जा रही है।

आंदोलनरत कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं, लेकिन आपातकालीन सेवा में अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट रहे हैं। मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं और इसी माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल करते हुए कर्मचारियों से वार्ता नहीं की और लंबित मांगों का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है। संघ ने सरकार से तत्काल वार्ता बुलाकर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। आंदोलन के दौरान संघ के कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story