लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले 10 अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले 10 अपराधी गिरफ्तार


रांची, 29 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची में लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले गिरोह पर रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची पुलिस टीम ने गिरोह के १० अपराधियो को एक साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधियों में जहीर उर्फ खान, फरहान खान उर्फ बब्लु, शेख जीमल, अरसलान खान, मो फैजान, सोएब अंसारी, सहबाज सलमान, कासिफ युसूफ, शेख मुज्जमिल उर्फ माखन और राजा खान उर्फ खानता शामिल हैं। इनके पास से एक देसी रिवाल्वर, चार गोली, दो आई फोन, चार अन्य कंपनी के मोबाईल, छह चाकू, एक टूल बॉक्स, दो स्कूटी, एक बाइक, एक कार सहित अन्य सामान बरामद किये गये है।

डोरंडा में अपना मार्ट में लूट, पुंदाग में पेट्रोल पंप में डकैती, उसके बाद रांची के बीआईटी में दो पेट्रोल पंप, टाटीसिलवे स्थित पेट्रोल पंप में डैकती के बाद ओरमांझी में एक दुकानदार को लूट के क्रम में चाकू मार कर इस गिरोह ने रांची में दहशत फैला दिया था।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए एक एसआईटी का गठन किया। एसआईटी में रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और सिटी एसपी पारस राणा के सहयोग से बेहतरीन काम करते हुए गिरोह के 10 अपराधियो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियो के पास से हथियार ,लूट के पैसे भी बरामद किए गए हैं।

इस मामले को लेकर रविवार को रांची के ग्रामीण एसपी और सिटी एसपी ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।

ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि रांची जिलान्तर्गत विगत दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्र में घटित लूट-पाट की घटनाओं का उद्भेदन, संलिप्त गिरोह के 10 अपराधकर्मी गिरफ्तार किए गए हैं।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि पुन्दाग पेट्रोल पंप, बीआईटी ओपी क्षेत्र के दो पेट्रोल पंप, टाटीसिल्वे गेल सीएनजी पंप पर लूटपाट, डोरंडा थाना क्षेत्र के एक दुकान में लूटपाट और ओरमांझी थाना क्षेत्र के मेहता होटल के पास के एक दुकान में लूटपाट और दुकानदार को चाकू मारने की बात स्वीकार की है। इस घटना में संलिप्त अन्य चिन्हित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story