साइबर ठगी मामले में 10 गिरफ्तार और एक निरुद्ध

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी मामले में 10 गिरफ्तार और एक निरुद्ध


रांची, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में जामताड़ा की तरह साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। जिसका पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने शहर के दो अपार्टमेंट के किराए के फ्लैटों में छापेमारी कर गिरोह के 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।

पुलिस ने मौके से करीब आठ लाख रुपये नकद, 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड और 25 नोटबुक सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य फोन पर लोगों को लोन और नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी करते थे।

सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने ठगी का नेटवर्क फैलाने के लिए किराए के फ्लैटों में रह रहे थे। रांची एसएसपी राकेश रंजन को 13 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र और पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के आसपास स्थित पराशर अपार्टमेंट और जतरा मैदान के निकट मालती अपार्टमेंट के फ्लैटों में साइबर ठगी की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद एएसपी कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने दो टीमों में बंटकर दोनों अपार्टमेंट में छापेमारी की. इस दौरान 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य फोन पर लोन और नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपनी जाल में फंसाते थे। छापेमारी के दौरान बरामद सामान से पुलिस को कई अहम सुराग मिले। आरोपितों के पास से 36 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक लैपटॉप मिला है। इसके अलावा अलग-अलग बैंकों के 32 एटीएम कार्ड, पांच पासबुक और एक चेकबुक भी जब्त की गई है। पुलिस को मौके से 25 नोटबुक भी मिले हैं। जिनमें नाम, मोबाइल नंबर और कथित हिसाब-किताब दर्ज है। नोटबुक की जांच की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही कि गिरोह के सदस्य किन लोगों के संपर्क में थे और कथित ठगी के पैसों का लेनदेन किन खातों के माध्यम से किया जाता था।

पुलिस ने इस मामले में रितिक कुमार सिंह, अजीत कुमार मेहता उर्फ अजित कुमार कुशवाहा, सूरज कुमार सिंह, अमनदीप कुमार, सूरजदेव कुमार, अमित रजन, अविनाश कुमार, राजकमल वर्मा, रंजीत कुमार और सत्यम कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अधिकतर पलामू जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपित गढ़वा जिले का निवासी है।

पुलिस ने एक नाबालिग को भी पकड़ा है। उसके मामले में किशोर न्याय से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। रांची पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ और बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के आधार पर गिरोह के काम करने के तरीके और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

रांची पुलिस ने इस मामले में साइबर अपराध थाना (कांड संख्या 252/26), के तहत बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761002 Articles

Share this story