ग्राम प्रधान पर हमले की याेजना बना रहे छह अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

गोड्डा, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के महागामा अनुमंडल अंतर्गत ललमटिया थाना क्षेत्र के हाहाजोर गांव में मंगलवार की रात्रि में ग्राम प्रधान जानकी लोहार के घर में आधा दर्जन अपराधियों ने घुसकर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। इस संबंध में ललमटिया थाना में प्राथमिक दर्ज कराई गई है।

दर्ज प्राथमिकी में ग्राम प्रधान जानकी लोहार ने बताया कि वे रात में सो रहे थे, तभी छत पर कुछ लोगों की बातचीत की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो करीब पांच–छह लोग छत पर घूम रहे थे, जिनके हाथों में धारदार हथियार और पिस्टल थे। बातचीत के दौरान वे जान से मारने की योजना बनाते सुनाई दिए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जानकी लोहार ने तुरंत गांव के आदित्य राज को फोन कर सहायता मांगी। आदित्य राज की मदद से ग्रामीणों को घर पर बुलाया गया। ग्रामीणों के पहुंचते ही अपराधी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन गांव वालों की तत्परता और सतर्कता के कारण उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।

घटना के बाद ललमटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने सभी संलिप्त आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपितों में गांव के ही सिकंदर, संजीत, रोहित और विराजी के नाम शामिल हैं, जबकि एक अन्य आरोपित अजय कुमार जमुई जिला का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

Share this story