बिहार के मंत्री जमा खां पहुंचे धनबाद, नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के मंत्री जमा खां पहुंचे धनबाद, नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह को दी बधाई


धनबाद, 03 मार्च (हि.स.)। धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह के आवास सिंह मेंशन में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री जमा खां बीती देर रात पहुंच उन्हें बधाई दी।

इस दौरान बिहार सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से संजीव सिंह मेयर चुने गए हैं। मेयर बनने और होली की बधाई देने वह यहां पहुचे हैं।

वहीं, निशांत के राज्यसभा भेजे जाने और सक्रिय राजनीति में आने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री कार्यकाल में बिहार की छवि बदली है। अब देश में बिहार का नाम सम्मान से लिया जाता है। पार्टी के साथ उनकी खुद की भी इच्छा है कि निशांत सक्रिय राजनीति में आये और पार्टी इसपर उनके साथ है।

बिहार में जारी शराब बंदी पर उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कायम रहेगी। इसे लेकर उलूल-जुलूल बाते लोग करते हैं। कुछ लोग हैं जो शराब तस्करी का काम करते हैं। वैसे लोगों पर सरकार सख्त कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि जो गड़बड़ करेगा, उसे छोड़ा नहीं जायेगा।

इसके साथ ही एशिया के मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध पर उन्होंने कहा-'युद्ध के बीच देश के बहुत से लोग फंसे हुए हैं, इसको लेकर सरकार लगातार बात कर रही है, हम चाहेंगे कि रमजान का पाक महीना है, होली का भी शुभ अवसर है, ऐसे में भगवान से प्रार्थना करूंगा कि शांति बनी रहे,यह अच्छी बात नहीं है कि युद्ध हो रहा है। पूरे देश और दुनिया के लोग परेशान हैं, हम चाहेंगे कि यह युद्ध बंद हो। इस युद्ध के बीच बिहार और देश के जो भी लोग फंसे हैं, उसके लिए सरकार बात कर रही है, उम्मीद है कि उनकी जल्द घर वापसी हो जाएगी।

खामेनेई की मौत के सवाल पर उन्होंने कहा-'हत्या, हत्या होती है, मैं भी इसकी निंदा करता हूँ,यह अच्छी बात नही है।' उनकी मौत पर उत्तर प्रदेश में हुए विरोध प्रदर्शन पर कहा कि जो लोग उनके शुभचिंतक होंगे वो तो विरोध करेंगे ही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

Share this story