रांची में पहली बार इस्कॉन की तीन दिवसीय रथ यात्रा शुरू, श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ
रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। रांची में इस्कॉन की ओर से पहली बार आयोजित तीन दिवसीय भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा उत्सव का शुभारंभ रविवार को भक्ति और उल्लास के माहौल में हुआ। लेक एवेन्यू, कांके रोड स्थित इस्कॉन मंदिर से निकली रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन, भजन और नृत्य के साथ पूरे उत्साह से रथ यात्रा में भाग लिया।
रथ यात्रा के शुभारम्भ से पूर्व भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मंगल आरती एवं विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद जयंतनाथ शाहदेव और उनके पुत्र जीतेश नाथ शाहदेव ने परंपरा के अनुसार स्वर्ण झाड़ू से मार्ग का प्रतीकात्मक रूप से शुद्धिकरण किया। आरती के उपरांत रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी झाड़ू लगाकर भगवान की सेवा अर्पित की और श्रद्धालुओं के साथ रथ यात्रा में शामिल हुए।
रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। संकीर्तन मंडलियों ने भजन, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया। भक्तों ने भगवान को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए और आरती में भाग लेकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग में हरे कृष्ण, हरे राम के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी और बूंदी प्रसाद का भी वितरण किया गया।
इस्कॉन के महाप्रबंधक मधुसूदन मुकुंद दास ने बताया कि रांची में पहली बार आयोजित इस रथ यात्रा को श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इससे भी अधिक भव्य स्तर पर रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद ने लगभग 60 वर्ष पूर्व अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर में पहली बार रथ यात्रा की शुरुआत की थी। आज इस्कॉन के माध्यम से विश्व के 150 से अधिक देशों में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली जाती है।
महाप्रबंधक ने कहा कि पुरी धाम के गजपति महाराज की सहमति से इस्कॉन इंडिया आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से लेकर बहुदा रथ यात्रा तक देशभर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्राओं का आयोजन करता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष रांची में भी पहली बार यह आयोजन किया गया। रविवार को इस्कॉन ईस्ट कैलाश (दिल्ली), औरंगाबाद, गोरखपुर, चेन्नई सहित देश के अनेक इस्कॉन केंद्रों में भी रथ यात्रा निकाली गई।
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, कांके विधायक सुरेश बैठा, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपमहापौर नीरज कुमार, लेक एवेन्यू सोसाइटी के सचिव मुकेश काबरा, अध्यक्ष विकास सिंह, वसंत बिहार के सचिव राजेश अग्रवाल, अर्जुन जालान, श्रवण जजोदिया, रवींद्र मोदी, अंचल किंगर, अनिल मोदी, रामावतार राजगढ़िया, विनोद मोदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। तीन दिवसीय उत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, संकीर्तन, प्रवचन और प्रसाद वितरण के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

