राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली हैंडबॉल प्रतियोगिता में ईशान का हुआ चयन

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली हैंडबॉल प्रतियोगिता में ईशान का हुआ चयन


दुमका, 02 जनवरी (हि.स.)। 69वीं राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतर्गत हैंडबॉल (अंडर-14) वर्ग में दुमका के होनहार खिलाड़ी ईशान आनंद का चयन झारखंड राज्य टीम के लिए किया गया है। यह दुमका जिले के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है।

ईशान आनंद ने 25 दिसंबर से 1 जनवरी तक रांची के खेलगांव में आयोजित हैंडबॉल प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण शिविर के बाद अब वे राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित 5 से 10 जनवरी तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड हैंडबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। ईशान आनंद को दुमका में कोच अमित कुमार पाठक के मार्गदर्शन में हैंडबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है। उनके कुशल प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत के परिणामस्वरूप ईशान ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

ईशान आनंद की इस सफलता पर जिला हैंडबॉल संघ दुमका के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बधाई देने वालों में संघ के सचिव अमित कुमार पाठक, कार्यवाहक अध्यक्ष अमित कुमार, कोषाध्यक्ष दाऊद अली, उपाध्यक्ष भजन कुमार मंडल, सहसचिव संतोष गोस्वामी, शंभू रजक सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी शामिल हैं। सभी ने आशा व्यक्त की है कि ईशान आनंद राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story