बोकारो में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बोकारो में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन अपराधी गिरफ्तार


बोकारो में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन अपराधी गिरफ्तार


बोकारो, 3 दिसंबर (हि.स.)। बोकारो पुलिस ने अंतरराज्यीय आपराधिक गतिविधियों में लिप्त एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी चोरी की मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर बैंक और ज्वेलरी दुकानों की रेकी करते थे।

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 2 दिसंबर 2025 को गांधी नगर ओपी पुलिस कीओर से 4 नंबर मोड़, अब्दुल हमीद चौक के पास एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लगभग 3:40 बजे जारंगडीह की ओर से आ रही दो संदिग्ध बाइक को रोकने का संकेत दिया गया।

पुलिस को देखते ही दोनों चालक भागने लगे इस दौरान सशस्त्र बलों की मदद से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ओडिशा के जाजपुर जिले के कोरई थाना क्षेत्र निवासी सुनील दास (33), कबाड़ी गोपाल (22) और आंध्र प्रदेश के अउला आलोक राव (21) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान वे बाइक के कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और पूछताछ में घबरा गए। कड़ी पूछताछ पर तीनों ने कबूल किया कि उन्होंने बाइक आंध्र प्रदेश से चोरी की थी और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बोकारो में कई दिनों से बैंक और ज्वेलरी दुकानों की रेकी कर रहे थे।

पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन, पांच फर्जी नंबर प्लेट, नट खोलने वाला पाना और दो मोटरसाइकिलें बरामद की। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि वे बैंक से पैसे निकालकर जाने वाले लोगों पर नजर रखते थे और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में रहते थे।

उन्होंने 26 नवंबर 2025 को जरीडीह बाजार स्थित आदित्य ज्वेलर्स के पास छिनतई की कोशिश में शामिल होने की बात भी स्वीकार की। तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद सामान जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story