पश्चिमी सिंहभूम में अवैध शराब कारोबार पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी सिंहभूम में अवैध शराब कारोबार पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार


पश्चिमी सिंहभूम,21 मई (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया।

उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जिले के गुवा,मंझारी,चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। अभियान के दौरान कुल नौ मामले दर्ज किए गए हैं। चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है,जबकि पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ फरार अभियोग दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुवा थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी, बड़ाजामदा और कल्याण नगर में छापेमारी की गई। यहां अवैध शराब बेचने के आरोप में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की गई।

इसी तरह चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दंदासाई और बाराखोली में भी उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। यहां से 6.5 लीटर बीयर और पांच लीटर चुलाई शराब जब्त की गई। वहीं मंझारी थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में छापेमारी के दौरान नौ लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई,लेकिन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।

अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में हुई। यहां उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध महुआ शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही चार भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके से 80 लीटर तैयार चुलाई शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए ड्रमों में रखा गया लगभग 1500 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ भी नष्ट कर दिया गया।

उत्पाद अधीक्षक अरबिंद कुजूर ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story