नीट पेपर लीक मामले में नहीं हुई कार्रवाई तो होगा उग्र आंदोलन : एनएसयूआई

WhatsApp Channel Join Now
नीट पेपर लीक मामले में नहीं हुई कार्रवाई तो होगा उग्र आंदोलन : एनएसयूआई


रांची, 14 मई (हि.स.)। देशभर में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बढ़ते विरोध के बीच राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एनएसयूआई के नेताओं ने कहा कि परीक्षा में हुई अनियमितताओं ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

मौके पर प्रदेश एनएसयूआई के अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में गड़बड़ी होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि देशभर के 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी और उनके परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छात्र पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। यह शिक्षा व्यवस्था की विफलता है।

एनएसयूआई के नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा शिक्षा प्रणाली से उठाना शुरू कर दिया है।

संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

एनएसयूआई ने मांग की कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में राज्यभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story