होली पर ‘पलाश’ ब्रांड बना रहा है प्राकृतिक सामग्रियों से हर्बल गुलाल

WhatsApp Channel Join Now
होली पर ‘पलाश’ ब्रांड बना रहा है प्राकृतिक सामग्रियों से हर्बल गुलाल


खूंटी स्थित पलाश मार्ट में आम नागरिकों के लिए उपलब्ध है हर्बल गुलाल, कर सकते हैं खरीदारी

खूंटी, 02 मार्च (हि.स.)। होली पर्व पर उपायुक्त आर० रॉनिटा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसपीएल) द्वारा आकर्षक गिफ्ट हैंपर तैयार किया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक के नेतृत्व में सखी मंडल की दीदीयों ने उपायुक्त से भेंट कर उन्हें ‘पलाश’ गिफ्ट हैंपर सौंपा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन देने की बात कही। वहीं सखी मंडल की दीदीयों ने प्रखंड स्तर पर भी ‘पलाश’ गिफ्ट हैंपर को पदाधिकारियों से मिलकर उन्हें भेंट किया।

इस विशेष गिफ्ट हैंपर में ‘पलाश’ ब्रांड के अंतर्गत निर्मित विविध गुणवत्ता-युक्त उत्पादों को सुसज्जित रूप में सम्मिलित किया गया है। यह हैंपर स्थानीय स्व-सहायता समूहों की मेहनत,आत्मनिर्भरता एवं सृजनशीलता का प्रतीक है, जो होली के रंगों के साथ-साथ समृद्धि, सहयोग एवं आत्मविश्वास का संदेश भी प्रसारित करता है।

सखी मंडल की दीदीयों ने बताया कि इस हैंपर में शामिल होली के प्राकृतिक रंग फूलों एवं सब्जियों से तैयार किए गए हैं, जो पूर्णतः सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल हैं। ये उत्पाद बाजार टांड़ खूंटी के समीप स्थित पलाश मार्ट में आम नागरिकों के लिए उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Share this story