ब्राउन शुगर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 28 लाख का ब्राउन शुगर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
ब्राउन शुगर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 28 लाख का ब्राउन शुगर जब्त


रांची, 05 नवंबर( हि.स.)। रांची पुलिस ने ब्राउन शुगर गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में साहिस्ता प्रवीण उर्फ सेजल खान उर्फ सेजल गुप्ता, मो सरवर, सागुफता प्रवीण उर्फ मुस्कान और मो राजू शामिल हैं।

इनके पास से कुल ब्राउन शूगर 140 ग्राम (बाजार मूल्य-28 लाख रुपये) और नकद दो लाख 76 हजार 520 रुपये नकद बरामद किया गया है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रहे हैं और न्यू मार्केट चौक, रातू रोड के पास अपने सहयोगियों को इसकी सप्लाई करने वाले हैं। इस सूचना के बाद के कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

टीम तुरंत कार्रवाई करते हुए न्यू मार्केट चौक स्थित टेम्पो स्टैंड के पीछे सादे कपड़ों में इंतजार करने लगी। इसी क्रम एक महिला ऑटो स्टैंड के पीछे एक दुकान के पास आकर खड़ी हुई, जिसके कुछ देर बाद तीन-चार व्यक्ति उससे बातचीत करने लगे। पुलिस को संदेह हुआ और जैसे ही टीम उनकी ओर बढ़ी, सभी लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करके एक महिला गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार महिला ने अपना नाम सेजल उर्फ साहिस्ता परवीन उर्फ सेजल गुप्ता बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 92.46 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।

पूछताछ में सेजल ने बताया कि वह यह ब्राउन शुगर सासाराम, बिहार के बबन साह उर्फ मौसा जी और सूरज कुमार से लेकर आ रही थी। उसका पूरा परिवार ब्राउन शुगर कारोबार में लिप्त है। सेजल ने यह भी खुलासा किया कि वह अपने किराए के घर, एदलहातु, बरियातू में भी ब्राउन शुगर बरामद करा सकती है। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल एदलहातु स्थित उसके घर पर छापेमारी की। उसके घर से 10.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके अलावा ब्राउन शुगर बेचकर रखे गए कुल 2.65 लाख नकद भी बरामद हुए।

सेजल ने बताया कि यह अवैध कारोबार घर में उसके पिता मो सरवर करते हैं। इसके बाद पुलिस ने मो सरवर को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, सेजल ने अपनी बहन मुस्कान उर्फ सागुफता परवीन और जीजा मो राजु के बारे में भी जानकारी दी, जो रातू स्थित अलकमर कॉलोनी में रहकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते थे। पुलिस ने रातू, अलकमर कॉलोनी स्थित मुस्कान के घर पर भी छापेमारी की। इस दौरान मुस्कान और उसके पति मो राजू के पास से कुल 36.85 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके बाद, मुस्कान और मो राजू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों ने खुलासा किया कि वे सासाराम, बिहार के बबन साह और सूरज कुमार से ब्राउन शुगर लाकर रांची के हिंदपीढ़ी, सुखदेवनगर, कोतवाली और मोरहाबादी क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस कार्रवाई में कुल 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story