श्रावणी मेला से पहले बड़ी साजिश नाकाम, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला से पहले बड़ी साजिश नाकाम, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार


देवघर,07 जून (हि.स.)। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में श्रावणी मेला-2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। नगर थाना पुलिस ने शनिवार की देर रात एक वाहन से पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक अवैध देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार नगर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी शंकर कुमार रजक शनिवार की रात गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर वाहन (JH15AP-5093) में सवार कुछ लोग देवघर रेलवे स्टेशन होते हुए रामगढ़ मार्ग की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया,जिसके बाद विशेष टीम ने सक्रिय होकर वाहन की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस के साथ वाहन में सवार पांचों लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शैलेश कुमार दास,अरबिंद कुमार दास, गोलू महथा,लल्ला झा और रोहन तुरी के रूप में हुई है। सभी रिखिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story