सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत, 2029 में झारखंड़ फतह से कोई नहीं रोक सकता : गजेंद्र सिंह पटेल
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के झारखंड प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है, 2029 में झारखंड फतह करने से हम सबों को कोई रोक नहीं सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि यह राज्य हमारे लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं को जो दायित्व और जिम्मेवारी मिली है, उसका उन्हें ईमानदारी से निर्वहन करना है।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सह प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल पार्टी कार्यालय में सोमवार को आयोजित अभिनंदन समारोह सह प्रदेश पदाधिकारी बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
प्रदेश प्रभारी पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जब हमने दृढ़ संकल्प लेकर पश्चिम बंगाल जीत लिया, दिल्ली पर फतह हासिल कर ली तो झारखंड में तो हम पहले कई बार सरकार बना चुके हैं फिर यह प्रदेश हम क्यों नहीं जीत सकते हैं। हम सबों को मिलकर झारखंड को गढ़ना है और इसकी दशा एवं दिशा बदलनी है। 2029 में हर हाल में झारखंड फतह करना है, इसी संकल्प के साथ हमें काम करना है।
उन्होंने कहा कि हम अपनी पार्टी की खूबियां और कमियों की ईमानदारी से समीक्षा करेंगे। हम केवल राजधानी मुख्यालय में नहीं बल्कि जिला, विधानसभा से लेकर जरूरत पड़ी तो मंडल स्तर सकारात्मक दृष्टि के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आधार और विचारधारा पर खड़ी है। सेवा ज्योति संकल्प यात्रा आने वाले समय में प्रेरणा देने वाला कार्यक्रम है, अतः इस कार्यक्रम को पूरे मनोयोग से और अच्छे से करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे उनके लिए हमेशा उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आप लोगों के पास कोई सुझाव हो तो आप बेहिचक हमसे या सह-प्रभारी से साझा कर सकते हैं। सब कुछ झारखंड के कार्यकर्ताओं को ही करना है, हम सभी केवल रास्ता बनाएंगे। हम आपके साथ मिलकर सहयोगी के रूप में काम करने आये हैं। हम नीचे स्तर पर जाकर काम करेंगे और परिणाम देने का काम करेंगे। अगर भाजपा के कार्यकर्ता किसी चीज को पाने का ठान ले तो कुछ भी असंभव नहीं है। इसका उदाहरण पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और नई दिल्ली में सरकार बना कर कार्यकर्ताओं ने साबित किया है।
उन्होंने कहा कि झारखण्ड वीरों और कर्मों की भूमि है। यहां आकर मैं गर्व महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कार्यकर्ताओ के द्वारा गर्मजोशी के साथ किये गए अभिनंदन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आगामी 15 नवम्बर को आयोजित होने वाली जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया क्योंकि इसी झारखंड की धरती से पूरे देश के जनजातीय समाज में सन्देश जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारियों ने अपने कामकाज की शुरुआत झारखंड़ के वीर सपूत बिरसा मुंडा की जन्मस्थली में जाकर इस पवित्र मिट्टी को नमन कर की, इसकी जितनी तारीफ की जाए कम है।
मौके पर संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन का काम कई प्रक्रिया के रूप में हमेशा चलती रहती है। यह संगठन विस्तार की एक प्रक्रिया है। उसी निमित अभी कई कार्यक्रम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज मे जाना चाहिये और काम करना चाहिए। साय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत और चुनाव जीतने के मंत्र के रूप में बूथ मजबूत करने पर जोर दिया। कहा कि अगर आपका बूथ मजबूत होगा तभी आप चुनाव जीत पाएंगे।
कार्यक्रम में निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सार्वजनिक जीवन पूरे होने के उपलक्ष्य में अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं। इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जोड़ने काम किया गया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी दी और उसे भव्य रुप से मनाने का निर्देश दिया।
इस दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई देते हुए भाजपा नेताओं ने उन्हें उनके नए दायित्व और उज्ववल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामना दी।
स्वागत एवम अभिनंदन समारोह में मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, झारखंड़ सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री सह उतर प्रदेश के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सहित काफी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से पार्टी के सांसद, विधायक, सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक भी जुड़े हुए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

