देवघर में वेतन भुगतान में देरी पर भड़के कर्मचारी, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
देवघर में वेतन भुगतान में देरी पर भड़के कर्मचारी, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


देवघर, 13 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन देवघर इकाई के जिला अध्यक्ष संजय मंडल ने सोमवार को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दैनिक एवं स्थायी कर्मियों के वेतन भुगतान में हो रही देरी पर गंभीर चिंता जताई है।

ज्ञापन के जरिए उन्होंने अवगत कराया है कि समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। कई कर्मियों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। राशन दुकानदार भी अब उधार देने से इनकार कर रहे हैं,जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। कर्मचारी मजबूरी में सूदखोरों के चंगुल में फंसते जा रहे हैं। फेडरेशन के अनुसार, सफाई कर्मियों की स्थिति सबसे अधिक दयनीय है। वेतन में लगातार हो रही देरी के कारण उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे किसी भी समय कार्य बहिष्कार का निर्णय ले सकते हैं।

संजय मंडल ने नगर आयुक्त से मांग की है कि सभी कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की 10 तारीख तक सुनिश्चित रूप से भुगतान किया जाए,ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके। इधर,नगर निगम चुनाव के बाद भी बाबा नगरी देवघर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। इसका असर न केवल शहर की छवि पर पड़ रहा है,बल्कि देवघर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इस ज्ञापन पर सुनील राम,लखन हरिजन,शंकर राम,प्रदीप राम,चंदन कुमार, अजय राम समेत कई कर्मचारियों ने हस्ताक्षर किए हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story