धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय जुलूस, छात्रों के आंदोलन को बताया बड़ी जीत

WhatsApp Channel Join Now
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय जुलूस, छात्रों के आंदोलन को बताया बड़ी जीत


धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय जुलूस, छात्रों के आंदोलन को बताया बड़ी जीत


जमशेदपुर,25 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को विजय जुलूस निकालकर इसे देशभर के छात्रों और युवाओं के संघर्ष की पहली बड़ी जीत बताया।

जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में आयोजित यह जुलूस साकची स्थित जुबली पार्क गेट से शुरू होकर पुराना कोर्ट परिसर के समीप भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचा,जहां कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर छात्रों के आंदोलन के समर्थन में अपनी बात रखी।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस लगातार छात्रों और युवाओं के साथ आंदोलन करती रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा जनदबाव और लोकतांत्रिक संघर्ष का परिणाम है तथा यह केवल शुरुआत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग केवल इस्तीफे तक सीमित नहीं है,बल्कि पूरे पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

परविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए और जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि पेपर लीक प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए तथा उनके परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संदेश का भी उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं को आंदोलन में डटे रहने तथा पहली सफलता मिलने पर बधाई दी गई है। साथ ही आंदोलन को आगे भी जारी रखते हुए छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादतियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग दोहराई गई है।

विजय जुलूस और सभा में प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, प्रदेश महामंत्री रविंद्र कुमार झा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story