कांग्रेस ने राजीव गांधी की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने राजीव गांधी की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद


रांची, 20 अगस्त (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों एवं विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस मौके पर कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के महान स्वप्नदृष्टा नेता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, संचार तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की युवा शक्ति पर विश्वास किया। मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने के निर्णय से उन्होंने करोड़ों युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्णायक भागीदारी का अधिकार दिया। कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में उनकी पहल ने भारत में सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्रांति की मजबूत नींव रखी।

कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी का मानना था कि भारत की वास्तविक ताकत गांवों में बसती है। पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक मजबूती देने की उनकी सोच सत्ता के विकेंद्रीकरण और गांवों तक लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजीव गांधी के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना ही राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, ज्योति सिंह मथारू, कुमार गौरव, रमा खलखो, राजन वर्मा, डॉ. एम. तौसीफ, रमाकांत आनंद, सुनील सिंह, गजेंद्र सिंह, केके गिरी, आभा सिन्हा, सुरेन राम, विजय चौबे, सच्चिदानंद चौधरी, सूर्यकांत शुक्ला, नेली नाथन सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story