अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस ने बनाई मानव श्रृंखला

WhatsApp Channel Join Now
अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस ने बनाई मानव श्रृंखला


अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस ने बनाई मानव श्रृंखला


अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस ने बनाई मानव श्रृंखला


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से डोरंडा स्थित डॉ आंबेडकर के प्रतिमा से लेकर स्वामी विवेकानंद चौक स्वर्गीय देवेंद्र मांझी चौक होते हुए डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा तक मानव श्रृंखला का निर्माण किया। इस क्रम में कतारबद्ध कांग्रेस नेताओं कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को संविधान की प्रति हस्तांतरित की यह सिलसिला डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा तक जारी रहा। जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संविधान की प्रति ग्रहण कर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू को सौंपा। इसके बाद राजू ने राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के समक्ष रखकर नेताओं कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाया।

इससे पूर्व केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर कमलेश एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के राजू ने माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान झांकी भी निकाली गई जिसमें संविधान के उद्देश्यों को दर्शाया गया।

मौके पर कांग्रेस झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा कि मानव श्रृंखला के माध्यम से हमने देश को एक संदेश देने का काम किया है। इस श्रृंखला के माध्यम से संविधान को एक दूसरे को हस्तांतरित करने का उद्देश्य है कि आज कांग्रेस के हर कार्यकर्ता ने संविधान की रक्षा के उत्तरदायित्व का भार अपने ऊपर ले लिया है। बाबा साहब की प्रतिमा के माध्यम से भी एक संदेश निकलता है कि देश को आगे ले जाने का रास्ता संविधान के माध्यम से निकलेगा और इसमें समाज में समानता होगी, सभी की भागीदारी और जिम्मेवारी देश के विकास में बराबर होगी, हर नागरिक को हक मिलेगा। संविधान के बिना हम विकास के रास्ते पर नहीं जा सकते। भारत का संविधान पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है, अमेरिका के संविधान का निर्माण 200 साल पूर्व हुआ लेकिन महिलाओं को मतदान का अधिकार देने में उन्हें डेढ़ सौ साल लगे भारतीय संविधान के लागू होते ही महिलाओं सहित सभी व्यक्ति को एक समान मताधिकार मिल गया । बाबा साहब ने कहा था कि ‘‘कांग्रेस के बिना इस संविधान की परिकल्पना नहीं की जा सकती’’ संविधान बाबा साहब के विकासवादी सोच और कांग्रेस के सामाजिक समरसता की सोच की परिकल्पना की सच्चाई है। भाजपा देश से संविधान को समाप्त कर मनुस्मृति लाना चाहती है और मनुस्मृति वर्ण व्यवस्था लाने का माध्यम है।

केशव महतो कमलेश ने कहा कि प्रत्येक जिले में बाबा साहब की जयंती पर संविधान रक्षा संगोष्ठी, सभाएं की गयी है। देश में अभियान चलाकर भाजपा संवैधानिक प्रावधानों पर हमला करने की कोशिश कर रही है, जनता के अधिकारों को छीना जा रहा है।

कार्यक्रम को कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव, विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अम्बा प्रसाद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप बलमुचू, राजेश ठाकुर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सुरेश बैठा, ममता देवी, शहजादा अनवर, जलेश्वर महतो, केदार पासवान ने भी संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story

News Hub