मुख्यमंत्री 25 मई से 11 जून तक करेंगे विभागीय समीक्षा
रांची, 23 मई ( हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विकास योजनाओं की प्रगति और वर्तमान वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना को लेकर व्यापक स्तर पर समीक्षा करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों को पत्र जारी किया है। जारी पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में 25 मई 2026 से 11 जून 2026 तक विभागवार समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इन बैठकों में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही प्रभारी मंत्रियों की उपस्थिति में योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि अधिकारी निर्धारित तिथि और समय के अनुसार अपनी तैयारियों के साथ बैठक में शामिल हों। विभागों से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन और योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।
अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सभी विभाग समयबद्ध तरीके से बैठक में भाग लेना सुनिश्चित करेंगे। योजनाओं की अद्यतन स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन समीक्षा बैठक के दौरान प्रस्तुत करेंगे। बैठक की कार्यवाही का प्रतिवेदन मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

