मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आईआईटीएफ में झारखंड पवेलियन और पलाश का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आईआईटीएफ में झारखंड पवेलियन और पलाश का किया उद्घाटन


- इस वर्ष मेले में झारखंड की थीम 'विकास और विरासत' है- ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों और स्थानीय कारीगरों के प्रयासों को दी गई प्रमुखता

रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) 2026 में झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उद्घाटन समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन हर वर्ष होता है और झारखंड इसमें नियमित रूप से भागीदारी करता है। इस वर्ष भी राज्य सरकार के विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्रों की उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष झारखंड पवेलियन की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की भागीदारी, कारीगरों और शिल्पकारों को मिल रहे प्रोत्साहन तथा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही विकासात्मक पहलों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जा रहा है।

इससे पहले पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद उन्होंने पवेलियन का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली।

इस वर्ष भी आईआईटीएफ में झारखंड को 'फोकस स्टेट' के रूप में भागीदारी का अवसर मिला है। पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की संभावनाओं और सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने तथा स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को विशेष स्थान दिया गया है।

उद्घाटन समारोह में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, उद्योग निदेशक विशाल सागर सहित राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story