सीबीआई ने सीआईएसएफ के तीन अकाउंट्स अफसरों को घूस लेते पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
सीबीआई ने सीआईएसएफ के तीन अकाउंट्स अफसरों को घूस लेते पकड़ा


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। सीबीआई रांची ने घूस लेते हुए रंगे हाथ सीआईएसएफ रांची के क्षेत्रीय कार्यालय के तीन अकाउंट्स अफसरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सीनियर अकाउंट्स अफसर संतोष कुमार महतो, असिस्टेंट अकाउंट अफसर सुनील कुमार और सुनील कुमार सिंह के नाम शामिल हैं।

गिरफ्तार सीआईएसफ के अफसर 48000 रुपये घूस ले रहे थे। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम अभियुक्तों के रांची और धनबाद स्थित पांच ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। छापेमारी के दौरान अभियुक्तों के घर से नकद राशि मिली है। फिलहाल इसकी गिनती जारी है। एनटीपीसी प्रयागराज में पदस्थापित हेड कांस्टेबल ने सीबीआई से शिकायत की थी कि क्षेत्रीय कार्यलाय के अकाउंट्स अधिकारी उसके टीए , चिल्ड्रेन एजुकेशन अलाउंस सहित अन्य प्रकार के बिलों के भुगतान के लिए घूस मांग रहे हैं। सीबीआई ने इस शिकायत की प्रारंभिक जांच कर प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद राज्य सरकार से अनुमति लेने के बाद योजनाबद्ध तरीके से गुरुवार को तीनों अभियुक्तों को 48000 रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया।

सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों के रांची और धनबाद स्थित पांच ठिकानों पर छापामारी शुरू की। समाचार लिखे जाने तक धनबाद स्थित ठिकाने से नक़द राशि मिली है। फिलहाल नकद राशि की गिनती जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story