गांजा बेचते एक व्यक्ति गिरफ्तार, 70 पुड़िया गांजा और नकदी बरामद

WhatsApp Channel Join Now
गांजा बेचते एक व्यक्ति गिरफ्तार, 70 पुड़िया गांजा और नकदी बरामद


पश्चिमी सिंहभूम, 09 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसोसिएशन ग्राउंड के पास अवैध रूप से गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), सदर, चाईबासा बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सदर थाना को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एसोसिएशन ग्राउंड के पास गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सनहा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी के नेतृत्व में दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी उपेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी हीरालाल महतो, पुलिस अवर निरीक्षक केशव कुमार मेहता, सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त छापामारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेश कुमार यादव (47) बताया।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर उसके पास और उसके बताए स्थान से 70 पुड़िया गांजा (करीब 260 ग्राम), गांजा से भरे 05 सिगरेट (गोगो), 6,500 रुपये नकद एवं रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद गांजा के संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में सदर थाना में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापामारी दल में बहामन टूटी, उपेन्द्र कुमार, हीरालाल महतो, केशव कुमार मेहता, धर्मेन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी 986 पीटर लियोनार्ड ड्रैगडूंग और आरक्षी 525 मुनुरेन लुगुन शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story