देवघर पहुंचे बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार का जदयू कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
देवघर, 31 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के देवघर आगमन पर जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बांका के कार्यक्रम के क्रम में देवघर स्थित परिषदन पहुंचे मंत्री का जदयू जिला अध्यक्ष सतीश दास के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-माला और बुके भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने झारखंड में जनता दल (यूनाइटेड) के संगठनात्मक विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही संगठन को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दुर्गा पूजा के बाद देवघर में जनता दल (यूनाइटेड) का एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष सतीश दास सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

