बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों पर 40 लाख रुपये के निवेश में गड़बड़ी का आरोप, ग्राहक ने दर्ज कराई शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों पर 40 लाख रुपये के निवेश में गड़बड़ी का आरोप, ग्राहक ने दर्ज कराई शिकायत


बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों पर 40 लाख रुपये के निवेश में गड़बड़ी का आरोप, ग्राहक ने दर्ज कराई शिकायत


जमशेदपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक समेत अन्य कर्मचारियों पर निवेश की राशि में कथित अनियमितता और गबन का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने गोलमुरी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बुधवार को बैंक परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बदल कुमार कुंडू ने बताया कि वर्ष 2020 में बैंक के अधिकारियों ने उन्हें बेहतर रिटर्न का भरोसा देकर म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था। बैंक पर विश्वास करते हुए उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक विभिन्न चरणों में लगभग 40 लाख रुपये का निवेश किया।

उन्होंने बताया कि हाल ही में मकान निर्माण के लिए निवेश की राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें जानकारी दी गई कि उनकी दो पॉलिसियों में कुल मिलाकर केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं। यह सुनकर वह हैरान रह गए, क्योंकि उनके अनुसार उन्होंने इससे कहीं अधिक राशि निवेश की थी।

बदल कुमार कुंडू का आरोप है कि जब उन्होंने शाखा प्रबंधक से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और अलग-अलग कारण बताकर मामले को टालने का प्रयास किया गया। उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी सौंपी थी, लेकिन अब तक न तो उनकी शिकायत का समाधान हुआ और न ही उनकी जमा राशि के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी गई।

पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों की लापरवाही अथवा मिलीभगत से उनकी मेहनत की कमाई का गबन हुआ है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और उनकी पूरी निवेश राशि वापस दिलाने की मांग की है।

वहीं, इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। जिस पर जांच की जायेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story