भाजपा झूठ, अफवाह और चरित्र हनन की बंद करे राजनीति : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा झूठ, अफवाह और चरित्र हनन की बंद करे राजनीति : कांग्रेस


रांची, 26 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रिम्स के निदेशक डॉ राजकुमार के इस्तीफे को लेकर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार, मनगढ़ंत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं।

भाजपा के पास जनता के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वह हर प्रशासनिक विषय को राजनीतिक रंग देकर भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रही है।

यह बातें प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा पहले यह स्पष्ट करे कि उसके आरोपों का आधार क्या है। यदि पार्टी के पास किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार, अवैध वसूली या उत्पीड़न के प्रमाण है तो उन्हें सार्वजनिक करे या सक्षम जांच एजेंसी को सौंपें। केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झूठे आरोप लगाना भाजपा की पुरानी आदत बन चुकी है।

कांग्रेस ने कहा कि दलित हितों की बात करने वाली भाजपा को पहले अपने शासनकाल का इतिहास देखना चाहिए।

दलित, आदिवासी, पिछड़े और कमजोर वर्गों के अधिकारों पर सबसे अधिक चोट भाजपा सरकारों के दौरान हुई है। आज राजनीतिक लाभ के लिए दलित अधिकारियों का नाम लेकर मगरमच्छ के आंसू बहाना भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story