जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली को लेकर भाजपा का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली को लेकर भाजपा का प्रदर्शन


रांची, 24 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में कथित धांधली और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन से पहले भाजपा कार्यकर्ता जिला स्कूल (शहीद चौक) परिसर में एकत्रित हुए। वहां से राहुल गांधी का पुतला और हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये, जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और बाद में राहुल गांधी का पुतला दहन किया।

इस अवसर पर रांची की मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि कांग्रेस देशभर में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों पर पूरी तरह मौन है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी भी युवाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा है और कांग्रेस तथा झामुमो को इस पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड के युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र देश के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस युवाओं के नाम पर राजनीति करती है, जबकि दूसरी ओर झारखंड के लाखों अभ्यर्थियों के साथ हुए कथित अन्याय पर चुप्पी साध लेती है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

जिला प्रभारी भरत यादव ने कहा कि झारखंड के युवाओं का भविष्य किसी भी कीमत पर दांव पर नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कथित अनियमितताओं के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के न्याय की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।

उपमहापौर नीरज कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड के युवाओं के हितों, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और पारदर्शी व्यवस्था के लिए अपना लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी पूरी मजबूती से जारी रखेगी और युवाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, के.के. गुप्ता, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, संजय जायसवाल, रमेश सिंह, ललित ओझा, राजू सिंह, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी, रेखा महतो, राम लगन राम, अर्चना सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story