खड़े हाईवा से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी घायल

WhatsApp Channel Join Now
खड़े हाईवा से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी घायल


पूर्वी सिंहभूम, 14 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–हाता मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। यह घटना सुबह करीब पांच बजे तुड़ी गांव के समीप,पेट्रोल पंप के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,श्याम सिंह मुंडा(50) मूल रूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल के उलीडीह गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में जमशेदपुर के बिरसानगर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। मंगलवार की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से अपने पैतृक गांव उलीडीह जा रहे थे। इसी दौरान तुड़ी गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक हाईवा वाहन से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्याम सिंह मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी पत्नी भी सड़क पर गिरकर जख्मी हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद श्याम सिंह मुंडा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, पत्नी को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाईवा वाहन को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हाईवा वाहन सड़क किनारे खड़ा था और संभवतः पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story