बाबूलाल मरांडी की राजनीति केवल आरोप पत्र बनकर रह गई : विनोद पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
बाबूलाल मरांडी की राजनीति केवल आरोप पत्र बनकर रह गई : विनोद पांडेय


रांची, 4 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा पर भी झारखंड को कलंकित करने का आरोप लगाया।

झामुमो प्रवक्ता विनोद पांडेय ने शनिवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि मरांडी की राजनीति अब केवल आरोप पत्र तक सिमट गई है। वे झूठ, अफवाह और सांप्रदायिक तनाव फैलाकर राजनीति में प्रासंगिक बने रहना चाहते हैं, लेकिन झारखंड की जनता उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है।

पांडेय ने कहा कि भाजपा शासनकाल में झारखंड लूट-खसोट और घोटालों का अड्डा बन गया था, आज वही भाजपा लोकप्रिय हेमंत सरकार को नैतिकता और ईमानदारी का पाठ पढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुमला की घटना को भाजपा नेता जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देना चाहते हैं। भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा आरोपी भाजपा है, जिसने कोयला से लेकर ज़मीन और फर्जी नियुक्तियां तक करके झारखंड को कलंकित किया।

झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने अपने शासन में युवाओं को बेरोजगारी और पलायन दिया, जबकि हेमंत सरकार छात्रवृत्ति, रोजगार और शिक्षा-स्वास्थ्य पर ठोस पहल कर रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी की राजनीति अब सिर्फ नकारात्मकता और सत्ता के लालच तक सीमित है। जनता उन्हें नकार चुकी है और आने वाले दिनों में भाजपा को और भी कड़ा सबक सिखाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story