अरशद हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला आरोपित

WhatsApp Channel Join Now
अरशद हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला आरोपित


रांची, 02 दिसंबर (हि.स.)। रांची के धुर्वा थाना पुलिस ने 12 घंटे के भीतर अरशद अंसारी हत्याकांड में शामिल आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गत मंगलवार की देर रात रांची के धुर्वा में अरशद अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में शामिल आरोपित को हथियार के साथ बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मामूली विवाद और गाली-गलौज के बाद अरशद के दोस्त तौसीफ अंसारी ने ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।

रांची सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में मंगलवार को बताया कि अरशद अंसारी हत्याकांड का रांची पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित तौसीफ को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी एसपी ने बताया कि आग तापने के दौरान ही अरसद और तौसीफ के बीच सोमवार की रात विवाद हो गया, विवाद बढ़ने पर तौसीफ ने पिस्तौल से गोली चलाकर अरशद अंसारी की हत्या कर दी थी।

हत्या के बाद आरोपित ने हथियार को छिपाने की कोशिश की और उसे धुर्वा डैम के पास फेंक दिया, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि अरशद अंसारी का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। पूरे मामले को लेकर सिटी एसपी ने बताया कि तौसीफ अंसारी की ओर से हत्या को अंजाम देने की पुष्टि हो चुकी है और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गाली-गलौज और आपसी विवाद में ही हत्या हुई है।

एसपी ने बताया की अरशद की हत्या के बाद डीएसपी हटिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर आरोपित को गिरफ्तार करने का टास्क दिया गया। अरशद के भाई ने उन तमाम लोगों के नाम बता दिए थे जो लोग अरशद के साथ आग ताप रहे थे। इसी बीच तौसीफ का नाम संदिग्ध के तौर पर सामने भी आ गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर तौसीफ को गिरफ्तार कर लिया। तौसीफ के पास से अवैध हथियार कहां से आया इसकी भी जांच की जा रही है।

एसपी ने बताया कि छापेमारी में डीएसपी पीके मिश्रा,विमल किंडो, लव कुमार, हीरालाल साह सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766317 Articles

Share this story