अपहरण के बाद जमीन कारोबारी की हत्या, एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
अपहरण के बाद जमीन कारोबारी की हत्या, एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया


पलामू, 26 अप्रैल (हि.स.)। पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के समदा आहर के पास से जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का अपहरण के बाद उनकी हत्या कर दी गई। शनिवार देर शाम अपहरण हुआ था और रविवार को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से युवक का नग्न शव बरामद हुआ।

परिजनाें ने अपहरण का आरोप विनीत के पड़ोस में रहने वाले प्रदीप तिवारी और रौशन तिवारी नामक युवक पर लगा है। फिलहाल दोनों फरार चल रहे हैं। शव बरामद होने के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी खुद दोपहर 12 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले में छानबीन की। इस दौरान स्निफर डॉग के माध्यम से भी अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया गया।

मौके पर एसपी ने लोगों से आग्रह किया कि इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो पुलिस के साथ साझा करें। उनकी पहचान को गोपनीय रखी जाएगी। एसपी ने यह भी कहा कि जमीन विवाद में अपराधीकरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

घटना के पीछे जमीन विवाद सामने आ रहा है।

घटना के बाद परिजनों ने डेड बॉडी के साथ रेडमा चौक को आधे घंटे के लिए जाम भी किया। हालांकि डीएसपी राजीव रंजन के समझाने पर परिजनों ने आंदोलन समाप्त किया। इसके बाद डेड बॉडी पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेजी गई। घटना की सूचना पर एमएमसीएच में मेदिनीनगर नगर के डिप्टी में मनोज सिंह सहित कई लोग पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

परिजनों के अनुसार विनीत तिवारी जमीन का कारोबार करते थे और रेडमा स्थित समद आहार के पास रहते थे। वे मूलत: चैनपुर के ओढनार के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम 7:00 बजे विनीत को उनके घर के पास से ही जबरन एक कार में बैठाकर अपराधी उठा ले गए थे। परिजनों ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, जिसमें अपहरण की पूरी घटना कैद पाई गई। इससे परिजनों की आशंका पुख्ता हो गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पूरी रात पुलिस विनीत की तलाश में छापामारी करती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रविवार को डेड बॉडी बरामद हुई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपहरण के बाद उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद अपराधियों ने शव को जोरकट में फेंक दिया। घटना को कही और अंजाम दिया गया। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार

Share this story