बकरीद को लेकर अलर्ट, सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर : ऋतुराज
रामगढ़, 23 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बकरीद पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने तथा अफवाहों पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासन ने मांगे सुझाव, सौहार्द बनाए रखने की अपील
डीसी एवं एसपी ने बैठक की शुरुआत सभी को बकरीद की अग्रिम शुभकामनाएं देकर की। इसके बाद शांति समिति के सदस्यों से पर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखें। वहीं पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने एवं नियमित गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया।
पीसीआर, पैंथर और फ्लैग मार्च पर रहेगा जोर
बैठक के दौरान पीसीआर एवं पैंथर टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी जाए ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा पर्व के दौरान विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने का भी निर्णय लिया गया, ताकि आम लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल कायम रहे।
सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर
बकरीद के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भड़काऊ पोस्ट को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं व्हाट्सएप ग्रुप की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने या आपत्तिजनक संदेश प्रसारित करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर भी सख्ती
बैठक में प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान इस तरह की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
शांति और भाईचारे का पर्व है बकरीद
बैठक के अंत में उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए बकरीद पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

