20 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू की निशानदेही पर एके-56, मैगजीन और 90 गोलियां बरामद

WhatsApp Channel Join Now
20 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू की निशानदेही पर एके-56, मैगजीन और 90 गोलियां बरामद


20 लाख के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू की निशानदेही पर एके-56, मैगजीन और 90 गोलियां बरामद


लातेहार, 19 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी और प्रतिबंधित संगठन के रीजनल कमेटी सदस्य रविंद्र गंझू की निशानदेही पर एक एके-56 राइफल, दो मैगजीन और 90 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियारों को चंदवा थाना क्षेत्र के बांझीटोला गांव में बरगद के पेड़ के नीचे मिट्टी में छिपाकर रखा गया था।

रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि रविंद्र गंझू को 12 जुलाई को चंदवा थाना क्षेत्र के बांझीटोला गांव से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय से रिमांड पर लेकर उससे गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने संगठन के हथियारों के ठिकाने सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दीं।

डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने रविंद्र गंझू की निशानदेही पर छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान बरगद के पेड़ के नीचे मिट्टी में छिपाकर रखी गई एक स्वचालित एके-56 राइफल, दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस तथा एक पाउच बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस लगातार आगे की कार्रवाई कर रही है। रविंद्र गंझू के नेटवर्क, उसके सहयोगियों तथा संगठन के अन्य ठिकानों के संबंध में भी जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण सफलताएं मिल सकती हैं।

डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि रविंद्र गंझू झारखंड के विभिन्न जिलों में नक्सली हिंसा, हथियारबंद हमलों और अन्य उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े 150 से अधिक मामलों में आरोपित है। उस पर 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की तलाश में था।

उन्होंने कहा कि रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी और उसके बाद हुई हथियारों की बरामदगी नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि है। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद लातेहार जिले में नक्सली नेटवर्क लगभग समाप्त हो गया है। हालांकि, पुलिस शेष सक्रिय तत्वों की तलाश और नक्सली नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रखे हुए है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

Share this story