एम्स देवघर के डॉक्टरों ने मरीज के पेट से निकाला 12 किलो का कैंसर ट्यूमर

WhatsApp Channel Join Now
एम्स देवघर के डॉक्टरों ने मरीज के पेट से निकाला 12 किलो का कैंसर ट्यूमर


देवघर, 05 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। चिकित्सकों ने 55 वर्षीय एक मरीज के पेट से करीब 12 किलोग्राम वजन का कैंसर ट्यूमर निकालकर चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उप​लब्धि हासिल की है। लगभग 50 सेंटीमीटर लंबे इस रेट्रोपेरिटोनियल ट्यूमर के कारण मरीज गंभीर शारीरिक समस्याओं से जूझ रहा था।

जानकारी के अनुसार मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद में उत्तर प्रदेश से एम्स देवघर पहुंचे थे। पेट में तेजी से बढ़ रहे ट्यूमर के कारण उन्हें भोजन करने और सोने में काफी परेशानी हो रही थी। लगातार दर्द और दबाव के चलते उनका वजन भी तेजी से घट रहा था। डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने कई घंटों तक चले ऑपरेशन में अत्यंत सावधानी के साथ ट्यूमर को शरीर से अलग किया।

उल्लेखनीय है कि रेट्रोपेरिटोनियल क्षेत्र शरीर का अत्यंत संवेदनशील हिस्सा होता है,जहाँ महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाएं और प्रमुख अंग मौजूद रहते हैं। इसी वजह से यह सर्जरी डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही थी।

चिकित्सकों ने बताया कि सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और पूरी तरह स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीज का संपूर्ण इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया गया।

एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम.गंगाने ने इस सफलता पर मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले मरीजों का सफल उपचार संस्थान की विशेषज्ञता और समर्पण को दर्शाता है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story